मनरेगा कार्याें में लापरवाही बरतने पर परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण राजेश कुमार कुरील ने सभी खंड विकास अधिकारियों को अंतिम चेतावनी जारी की है। उन्होंने बीडीओ को चेतावनी दी है कि निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण न होने की दशा में माह सितंबर का वेतन रोक दिया जाएगा।
उन्होंने कहा है कि प्रत्येक बुधवार को मुख्यालय स्तर से आयोजित होने वाली साप्ताहिक बैठकों के साथ विभिन्न माध्यमों से निर्देश देने के बावजूद मनरेगा कार्यों में विभिन्न बिंदुओं पर प्रगति में सुधार नहीं हो रहा है। उन्होंने अधिकारियों को सभी मनरेगा जॉब कार्डधारकों का आधार कार्ड फीड करने के साथ बैंक से लिंक कराते हुए एबीपीएस, एनपीसीआई पर वर्ष 2023 तक मैप कराने के निर्देश दिए।
पांच सितंबर तक शत-प्रतिशत ग्राम पंचायतों में मानक के अनुरूप अमृत सरोवरों का चयन करने, चयन न होने की स्थिति में कारण सहित प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा है कि यदि मनरेगा के इन बिंदुओं का समय सीमा में शत प्रतिशत प्रगति नहीं हुई तो संबंधित खंड विकास अधिकारी का माह सितंबर का वेतन अवरुद्ध कर दिया जाएगा। संवाद