संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
ब्लॉक सादाबाद की ग्राम पंचायत दगसह में पंचायत भवन निर्माण में लापरवाही डीपीआरओ सुबोध जोशी ने ग्राम विकास अधिकारी को अंतिम नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है। नोटिस के माध्यम से कहा है कि पंचायत घर निर्माण के संबंध में कई बार निर्देश जारी किए गए हैं, लेकिन आपके द्वारा शेष भुगतान पूर्ण नहीं किया गया है। यहां तक कार्यपूर्ति संबंधी फोटो ग्राफ व उपभोग प्रमाण पत्र भी नहीं उपलब्ध कराया गया है।
उन्होंने कहा है कि विगत में भी नोटिस जारी कार्य को पूर्ण करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन न तो स्पष्टीकरण दिया गया है और न ही कार्य पूर्ण कराया गया है। इससे स्पष्ट होता है कि आप कार्य में रुचि नहीं ले रहे है। इसे लेकर संबंधित ग्राम विकास अधिकारी देश दीपक को अंतिम कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया गया है। डीडीओ अवधेश सिंह यादव को उक्त ग्राम विकास अधिकारी का अगस्त का वेतन रोकने की संस्तुति की है।