बागला इंटर कॉलेज में बैठक को संबोधित करते डीआईओएस व मंचासीन अतिथि।
- फोटो : HATHRAS
संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
बागला इंटर कॉलेज में तहसील सासनी व हाथरस के माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के साथ डीआईओएस ने बैठक की। जिसमें नौवीं व 11वीं के अग्रिम पंजीकरण, 10वीं व 12वीं के बोर्ड परीक्षा आवेदन, छात्रवृत्ति और सुकन्या योजना की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। इन सब बातों के साथ ही साथ डीआईओएस ने कोविड-19 के नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को हुई बैठक मेें डीआईओएस ने प्रधानाचार्यों से कहा कि दसवीं व 12वीं के विद्यार्थियों के परीक्षा आवेदन समय से भरवाएं। यहां पर यह भी बताया कि दूरदर्शन के स्वयं प्रभा चैनल पर विषयवार अध्यापन कार्य चल रहा है। इसके लिए समय सारणी भी जारी की गई थी, इसे लेकर बच्चों को भी बताएं, ताकि वह लाभ ले सकें। इसके अलावा डीआईओएस ने कहा कि शिक्षकों द्वारा पढ़ाए जा रहे विषय से संबंधित नोट्स भी तैयार कराएं, ताकि जो विद्यार्थी ऑनलाइन एवं टीवी के माध्यम से कक्षाएं नहीं ले पा रहे हैं, उन्हें नोट्स की छाया प्रति उपलब्ध कराई जा सके। यहां पर लक्ष्य दिया गया कि प्रत्येक शिक्षक 10 लोगों के मोबाइल फोन में आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करवाएं। यू-ट्यूब व स्वयं प्रभा चैनल पर शैक्षिक कार्यक्रम विषयवार देखने को विद्यार्थियों को प्रेरित करने की बात पर जोर दिया गया। कार्यक्रम का संचालन बसंत कुमार सिंह ने किया। मौके पर डॉ. सत्यभान गुप्ता, जितेंद्र सिंह, ओमवीर सिंह, ममता उपाध्याय आदि मौजूद थे।