गांव नगला मसंद में दो पक्षों में विवाद हुआ। जहां दोनों पक्षों में लाठी-डंडे और सरिया चले। दोनों पक्ष ने एक-दूसरे पर पथराव भी किया, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला मसंद में दो पक्ष आपस में भिड़ गए। जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव भी हुआ। पुलिस ने भी दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी पुलिस के सामने ही झगड़ते रहे। एसआई ने कोतवाली में दोनों पक्षों के 10 नामजद एवं 10 अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विज्ञापन
एसआई अजयवीर सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कहा है कि तीन अप्रैल को वह अपने हमराहों के साथ गश्त कर रहे थे। तभी उन्हें सूचना मिली कि गांव नगला मसंद में दो पक्षों में विवाद हो रहा है। पुलिस गांव में पहुंच गई, जहां दोनों पक्षों में लाठी-डंडे और सरिया चल रहे थे। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर पथराव भी कर रहे थे, जिससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ था।
लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहे थे। पुलिस टीम ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, किंतु दोनों पक्ष मानने को तैयार नहीं थे। रिपोर्ट में एक पक्ष से मोहित, जितेंद्र, नेत्रपाल, विकास, यशपाल एवं 8-10 अज्ञात और दूसरे पक्ष से रविंद्र, रवि निवासीगण गांव नगला मसंद, शंकर उर्फ लूली, चंद्रपाल निवासीगण नगला बाग थाना, संजय निवासी गांव नगला पोता और आठ-10 अज्ञात लोगों को नामजद किया गया है। कोतवाल शिवकुमार शर्मा में बताया कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।