सदर कोतवाली क्षेत्र के अगरा रोड पर नवीपुर चौराहा के निकट सोमवार को दुकान के सामने बाइक खड़ी करने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। दोनों में जमकर लाठी-डंडे चले। दोनों पक्षों से तीन लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों का जिला अस्पताल में उपचार कराया।
शांतनु गुप्ता पुत्र जितेंद्र कुमार निवासी नवीपुर चौराहा थाना सदर कोतवाली की आगरा रोड पर नवीपुर चौराहा के निकट खल चुनी की दुकान है। वह रोजाना की तरह सोमवार को भी अपनी दुकान पर बैला था। शांतनु का आरोप है कि दो बाइक सवार आए और उन्होंने अपनी बाइक दुकान के सामने खड़ी कर दी। उसने बाइक को वहां से हटाने के लिए कहा। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
दोनों पक्षों में गाली गलौज व मारपीट हो गई। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में शांतनु, दीपक मिश्रा व हरिओम मिश्रा निवासीगण नंदराम नगरिया घायल हो गए। कोतवाली प्रभारी शिव कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने तीनों घायलों का जिला अस्पताल में उपचार कराया। सदर कोतवाली प्रभारी शिव कुमार शर्मा ने बताया कि सभी घायलों का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद