संवाद न्यूज एजेंसी, सहपऊ।
क्षेत्र के गांव बाघ बधिक व फतेउल्लाहपुर में दो पक्षों में मारपीट हो गई। बाघ बधिक निवासी बेबी देवी पत्नी चंद्रपाल ने कोतवाली में तहरीर देकर गांव के ही दो युवकों पर शराब पीकर मारपीट करने व फायरिंग करने का आरोप लगाया है।
कोतवाली में तहरीर देकर बाघ बधिक निवासी बेबी ने बताया कि बुधवार की रात वीरपाल एवं अरुषा शराब पीकर उसके घर आए और गालियां देने लगे। जब उनसे गाली देने से मना किया तो वे लोग उसके पति के साथ मारपीट करने लगे। जब वह बचाने आई उससे भी मारपीट की। मारपीट शुरू होते ही उनके परिवार के अन्य लोग भी आ गए।
इतने में दोनों आरोपी युवकों ने तमंचा से फायर कर दी। महिला का कहना है कि गोली उसके घर में जाकर शिवाजी की तस्वीर पर लगी। उन्होंने घर पर ईंट व पत्थर भी बरसाए। पथराव से परिवार के कई लोग चोटिल हो गए। पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, पुलिस ने पथराव एवं फायरिंग की घटना से इनकार किया है।
इधर, गांव फतेहउल्लापुर निवासी ललितेश देवी पत्नी धर्मेंद्र कुमार ने कोतवाली में तहरीर देकर गांव के ही तीन युवकों पर उसे, उसकी पति व सास को घर के अंदर से खींच कर मारने पीटने का आरोप लगाया है।
उसने बताया कि बुधवार की रात को गांव में उसके पड़ोस के रहने वाले संजय, श्यामवीर एवं हेमंत तीनों उसके पति धर्मेंद्र से शराब पीने के लिए जबरन पैसे मांगने लगे। उनके न देने पर उक्त युवकों ने मारपीट शुरू कर दी। जब वह एवं उसकी सास उनको बचाने आई तो उन्होंने उनके साथ भी मारपीट की। चलते समय इन लोगों ने उनके पति के जेब में रखे 1600 रुपये भी निकाल लिए।