शहर के लगे मोहल्ला अहियापुर में इन-दिनों वायरल बुखार व अन्य संचारी रोगों का प्रकोप जोरों पर है। इलाके के घर-घर में बुखार पीड़ित हैं। तो कई मरीजाें को इलाज के लिए शहर व पड़ोसी जिले के निजी चिकित्सालयों में भर्ती कराया गया है। लोगों का कहना है कि बीते 20 दिन के अंदर में बीमारी के चलते दो लोगों की मौत भी हो चुकी है। क्षेत्र मं फैलती इस बीमारी का कारण लोग क्षेत्र की पोखर बता रहे हैं।
बता दें कि आगरा रोड स्थित अहियापुर शहर से सटा हुआ है। इलाके का पानी यहां बनी पोखर में जा रहा है। वर्तमान में यह पोखर गंदगी से पूरी तरह अट गईं। इस कारण क्षेत्र में बीमारियों का प्रकोप है। मोहल्ले के अधिकांश घरों में लोग आज बीमारी की चपेट में हैं। 20 से अधिक लोग वायरल बुखार व अन्य बीमारियों से पीड़ित हैं।
कई मरीजों का घर पर ही इलाज चल रहा है तो कई मरीजों की हालत गंभीर होने पर उन्हें शहर व पड़ोसी जिले के आगरा व अलीगढ़ के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। लोगों का आरोप है कि पोखर की सफाई नहीं होने से यह बीमारी फैल रही है। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि पोखर की समस्या के निदान को लेकर कई बार नगर पालिका के अधिकारियों से भी शिकायत की गई, लेकिन इसके बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई है।
पोखर की वजह से मोहल्ले में बीमारियों फैलती जा रही हैं। हर घर में कोई न कोई इन दिनों बीमार है।
-नेत्रपाल, अहियापुर।
पोखर की वजह से ही क्षेत्र में गंदगी व्याप्त है। इस कारण बीमारियां बढ़ती जा रही हैं।
-भीमसेन, अहियापुर।
अहियापुर में लोगों के बीमार होने के बारे में अभी तक किसी ने कोई शिकायत नहीं की है। अगर ज्यादा लोग बीमार हैं तो इसकी जानकारी कर तुरंत वहां टीम को भेजा जाएगा और लोगों के स्वास्थ्य की जांच कराई जाएगी। -डॉ. मंजीत सिंह, सीएमओ।
पोखर में रुका हुआ पानी है। रुके हुए पानी में मलेरिया, डेंगू व अन्य वैक्टर जनित रोगों का लार्वा पनपने के अधिक संभावना रहती है। जिसके चलते संक्रमण फैलने का खतरा अधिक बना रहता है। सबसे पहले पोखर की सफाई कराया जाना अति आवश्यक है।
-डॉ. एमआई आलम, डिप्टी सीएमओ।