क्षेत्र के कई गांवों के किसानों से लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। किसानों को पता भी नहीं है कि उनकी जमीन को किसी ने पट्टे पर लेकर फसल का बीमा करा लिया है। कृषि विभाग के अधिकारियों ने फसल बीमा करने वाले कर्मचारियों व अधिकारियों को भेजकर जांच शुरू करा दी है।
किसान धर्मवीर सिंह, बबलू, नेत्रपाल, ज्ञान सिंह, भूरी सिंह, बबलू, अशोक, सीताराम का कहना है कि बुधवार को पैंठगांव में फसल बीमा विभाग की ओर से अधिकारी जांच करने आए थे। अधिकारियों ने किसानों को बताया कि उनकी जमीन को पट्टे पर लिया गया है और उस फसल का बीमा भी कराया गया है, जिसका भुगतान होना है। यह सुनकर किसान दुविधा में पड़ गए। मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई।
बताते हैं कि कि पैंठगांव निवासी दो लोगों ने पैंठगांव सहित आसपास के कई गांवों के किसानों की जमीन को गलत तरीके से पट्टे पर ले रखा है। किसानों को इसकी भनक तक नहीं है। इन खेतों में फसलों के बीमा भी उनके द्वारा कराए गए हैं। इसके भुगतान के समय अधिकारी जांच करने पहुंच गए। आरोप है कि अधिकारियों के जाने के बाद ठगी करने वाले आरोपियों ने किसानों को धमकाया भी।
बताते हैं कि कुछ समय पहले मथुरा जिले में कुछ लोग इसी तरह फसल बीमा के नाम पर किसानों से ठगी करते थे। यह लोग अब मुरसान क्षेत्र में भी सक्रिय हो गए हैं, लेकिन अधिकारियों की सतर्कता के बाद इनकी पोल खुल गई है। उप कृषि निदेशक हंसराज का कहना है कि मामला संज्ञान में है। बीमा कंपनी के लोगों को भेजकर जांच कराई जा रही है। फर्जी बीमा को निरस्त किया जाएगा और कार्रवाई कराई जाएगी।