सादाबाद के गांव नगला गरीबा में मरीजों की जांच करती चिकित्सकों की टीम
- फोटो : संवाद
बरामई ग्राम पंचायत के गांव नगला गरीबा में इन-दोनों बुखार का प्रकोप बढ़ रहा है। गांव में 100 से ज्यादा लोग बीमार बताए जाते हैं। स्वास्थ्य विभाग के माथे पर चिंता की लकीरें हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शनिवार को गांव पहुंचकर लोगों को उपचार दिया। प्रधान ने गांव में दवा छिड़काव कराया और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी।
शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव ने गांव पहुंचकर बुखार पीड़ितों को उपचार दिया। लोगों को दवा वितरित की गईं। कई दिनों से बुखार से पीड़ित 49 लोगों के रक्त के नमूने लिए गए। टीम ने ग्रामीणों को सफाई का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी और कहा कि कूलर का पानी बदलते रहें। घर के आसपास पानी जमा न होने दें। खाने से पहले हाथों को अच्छी तरह से साफ करें। सफाई पर ध्यान देने से इस संक्रमण को रोका जा सकता है। मच्छरों के खात्मे के लिए प्रधान शशि ने कीटनाशक दवा का छिड़काव कराया।
नहीं हुईं पोखर की सफाई
ग्रामीणों का कहना है कि गांव से सटी पोखर की काफी दिनों से सफाई नहीं हुई है। इस कारण धीरे-धीरे गांव में संक्रमण बढ़ गया है, इसलिए सबसे पहले पोखर की सफाई होनी चाहिए। इससे संक्रमण को नियंत्रित किया जा सके। गांव के अधिकतर घरों में लोग बुखार से पीड़ित हैं। कई लोग स्थानीय चिकित्सकों के अलावा आगरा में भी उपचार ले रहे हैं।
गांव में संक्रमण फैलने के कारण कई लोग बीमार हैं। घर में सभी सदस्य बुखार से पीड़ित हैं। सभी का उपचार चल रहा है।
-मीरा देवी
चार दिन से बुखार आ रहा है। चिकित्सक से दवा ले ली है, लेकिन कोई आराम नहीं हुआ। गांव में कोई भी चिकित्सक की टीम नहीं पहुंची।
-कीर्ति कुमारी
गांव में संक्रमण की सूचना चिकित्सा विभाग को दे दी गई है विभाग द्वारा गांव में शिविर लगाया जा रहा है। पोखर में भरे पानी को जल्दी निकलवाया जाएगा और गांव में सफाई कराई जाएगी।
-मुकेश, प्रधान प्रतिनिधि
आशा कार्यकर्ता से सूचना प्राप्त हुई है। गांव में शिविर लगाया जा रहा है। आने वाले दिनों में भी गांव में शिविर लगाया जाएगा। शनिवार को 49 लोगों की जांच कराके दवा दी गई है।
-डाॅ.दानवीर सिंह, प्रभारी चिकित्साधिकारी