जिले में आम जन-मानस को बेहतर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए जिलाधिकारी अर्चना वर्मा के निर्देश पर शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी, एसडीएम सदर व अन्य अधिकारियों ने शहर के बागला जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल व ग्रामीण क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के 12 चिकित्सक व नौ स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित मिले। गैरहाजिर मिले चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों का एक दिन का वेतन रोकने के साथ ही स्पष्टीकरण तलब किया गया है। कर्मियों को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
सीडीओ साहित्य प्रकाश मिश्र ने शहर के बागला संयुक्त जिला अस्पताल व जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी, वार्ड, दवा काउंटर, दवा वितरण काउंटर, अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन कक्ष, इमरजेंसी, एसएनसीयू वार्ड का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों से बात कर स्वास्थ्य का हाल जाना। सहपऊ में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहपऊ पीडी राजेश कुरील ने निरीक्षण किया। सभी जगह बड़ी संख्या चिकित्सक और कर्मचारी गैरहाजिर मिले।
इन सभी का एक दिन का वेतन रोकने के साथ ही स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश डीएम ने सीएमओ को दिए हैं। उन्होंने कहा है कि इतनी अधिक संख्या में कार्मिकों का अनुपस्थित रहना यह परिलक्षित करता है कि उनका अधीनस्थों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं है और न ही उनके द्वारा सतत रूप से भ्रमण करते हुए चिकित्सालयों की वस्तुस्थिति देखी जा रही है।
यह स्थिति अत्यंत खेदजनक होने के साथ-साथ आपत्तिजनक है। उन्होंने इस संबंध में सीएमओ से भी तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है और अस्पतालों में मिली कमियों को दूर करते हुए समय से आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। सादाबाद में एसडीएम संजय कुमार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। सफाई व्यवस्था ठीक मिली। दवाओं की उपलब्धता सही थी। व्यवस्थाओं में सुधार के लिए चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया है।
आयुष्मान कार्ड की धीमी प्रगति पर डीएम ने जताई नाराजगी
हाथरस। आयुष्मान भारत योजना के तहत कार्ड बनाने की प्रगति की डीएम अर्चना वर्मा ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा की। प्रगति संतोषजनक न होने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने चेतावनी दी कि आयुष्मान कार्ड बनाने की खराब प्रगति पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को कोटेदारों के साथ बैठक कर समन्वय स्थापित करते हुए अवशेष आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए। प्रत्येक ब्लॉक के गांवों में शिविर लगाने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्साधिकारी मंजीत सिंह ने बताया कि जिले में 40065 पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारक ऐसे परिवार हैं, जिनके परिवार में सदस्यों की संख्या 6 अथवा 6 से अधिक है। इनमें से 34387 आयुष्मान कार्ड बनाकर 10296 कार्ड वितरित किए गए हैं। संवाद