जिले में बुखार से अब तक 15 की मौत
स्वास्थ्य विभाग ने समय रहते नहीं बरती एहतियात, अब कराई जा रही है फॉगिंग
शहर में भी कई स्थानों पर हाल बेहाल, गंदगी-जलभराव संक्रमण फैलने की मुख्य वजह
शहर में भी घनी आबादी में रहने वाले कई लोगों को हुआ डेंगू कन्फर्म
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। जिले में बुखार का प्रकोप जारी है। करीब 15 लोगों की मौत भी हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग ने समय रहते एहतियात नहीं बरती। अब फॉगिंग भी कराई जा रही है। जिलेभर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा कई जगहों पर शिविर लगाए गए और बुखार के रोगियों को दवा दी गई।
एक बात तो साफ है कि शहर हो या फिर देहात जिले में बुखार का प्रकोप जारी है। तभी तो सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में बुखार के रोगियों की भरमार है। इस कारण करीब 15 लोगों की जान भी जा चुकी है। जिनमें कछपुरा में हुईं पांच मौत शामिल हैं। कछपुरा के एक वृद्ध की मौत तो मंगलवार की शाम को जिला अस्पताल में इलाज के दौरान हुई है।
इसके अलावा मेंडू में भी एक युवक की मौत बुखार के चलते हो गई। चंदपा के कछपुरा में अब थोड़ा से काबू बुखार पर स्वास्थ्य विभाग ने पा लिया है। बुधवार को कछपुरा, सोखना, महौ, छिपैटी सासनी, ढड़ौली, सिताहरी, सहपऊ आदि जगहों पर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन हुआ।
जिले में अब बुखार पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है, फिर भी जहां से भी बुखार के रोगियों की सूचना मिलती है। टीमों को भेजकर स्वास्थ्य शिविर लगवाए जा रहे हैं। मौसम के बदलाव के साथ ही अब बुखार के रोगियों की संख्या में भी धीरे-धीरे गिरावट आ जाएगी।
-बृजेश राठौर, सीएमओ।