बच्चे की मौत के बाद घर पर शोकाकुल बैठे परिजन। संवाद
- फोटो : samvad
शराब की लत और इसे लेकर हुई कलह ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां तबाह कर दी। पिता योगेश जेल चला गया, मां भी मायके वालों के साथ चली गई, बड़ा बेटा दो साल का विराट बिलखता रहा। फिलहाल वह अपने दादा के पास है और वह उसे दिलासा देते रहे।
शनिवार रात गांव खेड़ा फिरोजपुर में हुई इस घटना के बाद के बाद योगेश के दो साल के बेटे के भविष्य पर भी सवाल खड़ा हो गया है। दरअसल, शनिवार की देर रात करीब एक बजे योगेश एवं पत्नी डाली के बीच विवाद हो गया। विवाद में योगेश ने ढाई माह के बेटे कन्हैया को चरपाई पर पटक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। रविवार सुबह घटना की सूचना पर डाली के परिवार वाले भी पहुंच गए।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गांव के धनश्याम सिंह के पांच पुत्रों योगेश सबसे छोटा था और मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण कर रहा था। वह शराब पीने का आदी था और उसकी पत्नी शराब पीने का विरोध करती थी। शराब की लत ने योगेश के परिवार को बर्बाद कर दिया।
परिजनों के अनुसार घटना के बाद योगेश की पत्नी अपने दो साल के बेटे विराट को छोड़कर अपने मायके वालों के साथ चली गई। फिलहाल विराट दादा धनश्याम और योगेश के भाइयों के पास है। क्राइम प्रभारी जोगेन्द्र सिंह का कहना है कि बच्चे के बाबा की तहरीर के आधार पर पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है पिता को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।