संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गांव एदलपुर निवासी प्रधान पति हरेंद्र सिंह पुत्र राजनलाल ने कोतवाली में धारा 302, 201 के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में हरेंद्र सिंह ने बताया कि उसका बेटा विशंबर (23) सात अगस्त को रात करीब आठ बजे बाइक में पेट्रोल डलवाने के लिए राया रोड स्थित एसआर पेट्रोल पंप पर गया था, काफी देर तक वापस नहीं आया। इसी दौरान उनके मोबाइल पर फोन आया कि मैं प्रधान बमनई कन्हैया बोल रहा हूं, आपके बेटे कन्हैया की मौत हो गई है। शव पड़ा हुआ है।
फोन लगभग रात 10.50 बजे आया। जब मैं घटनास्थल पर पहुंचा तो लोगों ने बताया कि शव को पुलिस ले गई है। पोस्टमार्टम हाउस जाकर देखा तो वहां उसका शव रखा था। उसके शरीर पर कहीं भी चोट के निशान नहीं थे। सिर के पीछे किसी भारी कुंद हथियार से चोट लगी थी, जिससे खून रिस रहा था। बाइक भी कहीं से टूटी नहीं थी। उन्होंने बताया कि बेटे के मोबाइल का सिम कार्ड भी गायब था। हत्या के साक्ष्य को छिपाने के उद्देश्य से मोबाइल को साथ ले जाया गया है।