कोतवाली सदर क्षेत्र के गांव में बृहस्पतिवार रात बेटी के यौन शोषण से क्षुब्ध पिता ने फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। गांव के ही युवक ने शादी का वादा कर घटना को अंजाम दिया था। जब प्रकरण में की शिकायत की तो आरोपियों ने पिता को प्रताड़ित किया। लगातार मिल रहीं धमकियां व गलत टिप्पणियों से तंग आकर पिता ने यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस ने दो सगे भाई व उनके पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मृतक राजमिस्त्री थे और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। उनकी तीन बेटियां हैं, जिनमें बड़ी बेटी की उम्र 19 वर्ष है। बड़ी बेटी भी सिलाई कर घर का खर्च चलाती है। बड़ी बेटी का कुछ महीने पहले आरोपी पंकज ने यौन शोषण किया था। आरोपी ने शादी का आश्वासन दिया था, लेकिन उसने शादी नहीं की। 27 अप्रैल को पीड़ित युवती ने प्रकरण में न्यायालय में शिकायत की थी।
आरोप है कि शिकायत के बाद ही आरोपी पंकज, उसके भाई मुनीश व पिता मोहरपाल ने युवती के पिता को धमकाना शुरू कर दिया था। गांव में अपमानित करना शुरू कर दिया था, जिससे वह परेशान रहने लगे थे। मृतक की मां ने बताया कि छह मई की सुबह उनका बेटा काम से हाथरस शहर गया था। रास्ते में आगरा रोड पर बस स्टैंड के पास तीनों आरोपियों ने उसे पकड़ लिया तथा न्यायालय में मुकदमा दायर करने पर मारपीट की। आरोप है कि बेटी को लेकर अपशब्द कहते हुए सरेआम उनके बेटे को अपमानित किया।
मृतक ने घर आकर पूरी घटना बताई। वह लगातार मिल रही धमकियां व अपमान से मानसिक रूप से टूट गया था। मृतक के भाई ने बताया कि इसी बात से परेशान होकर बृहस्पतिवार की रात कमरे में पंखे पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी व बच्चों ने पड़ोस में रह रहे परिवार के अन्य लोगों को घटना की जानकारी दी।
आनन-फानन शव को नीचे उतारा गया। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शुक्रवार को मृतक की मां की तहरीर पर पंकज, मुनीश व मोहरपाल के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
यौन शोषण मामले में पुलिस में शिकायत नहीं की गई थी। आत्महत्या की जानकारी पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-रामानंद कुशवाहा, एएसपी