मदन मुरारी दीक्षित का फाइल फोटो।
- फोटो : File Photo
मथुरा-बरेली हाईवे पर गांव टुकसान के निकट एक सड़क हादसे में बाइक सवार 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब बुजुर्ग बेटे की शादी के कार्ड बांटकर घर लौट रहे थे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मूलरूप से गांव टुकसान निवासी 60 वर्षीय मदन मुरारी दीक्षित काफी सालों से नवल नगर में रह रहे हैं। उनका बल्डिंग मेटेरियल का काम है। बुधवार को वे बेटे की शादी के कार्ड बांटने के लिए घर से निकले थे। शाम को वह गांव टुकसान में कार्ड देकर अपने चचेरे भाई योगेश दीक्षित के साथ लौट रहे थे।
गांव से निकलकर मथुरा-बरेली मार्ग पर आते ही सामने से आ रहे वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। वह सड़क पर दूर जाकर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। योगेश के भी चोट आईं। राहगीरों और स्थानीय लोगों की सूचना पर नेशनल हाईवे की एंबुलेंस तुरंत मौके पर पहुंची।
घायल मदन मुरारी दीक्षित व योगेश को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां मदन मुरारी को डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। इधर, योगेश को जिला अस्पताल से रेफर किया गया।
मृतक मदनमुरारी के परिजनों ने रोते-बिलखते हुए बताया कि छह जुलाई को उनके दो बेटों में से बड़े बेटे सागर दीक्षित की शादी होने वाली थी। घर में शादियों की तैयारियां चल रही थीं। मदन मुरारी अपने सगे-संबंधियों और परिचितों को बेटे की शादी का कार्ड बांटकर बाइक से घर लौट रहे थे, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही वह हादसे का शिकार हो गए।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। हाईवे और आसपास के लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है, ताकि आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।
-हिमांशु माथुर, सीओ सिटी