प्राचीन शिवलिंग वनखंडी महादेव मंदिर को जाने वाली सडक के निर्माण की मांग को लेकर गांव खेड़िया डहर में चल रहा धरना रविवार को समाप्त हो गया। इस मौके पर एसडीएम सदर नीरज शर्मा, भाकियू चौधरी चरण सिंह के पदाधिकारी, पूर्व मंत्री के पुत्र चिरागवीर उपाध्याय पहुंचे और सड़क का जल्द निर्माण कराने का आश्वासन देकर अनशन समाप्त कराया।
गांव डहर खेड़िया निवासी प्रशांत शर्मा ने तीर्थ स्थल प्राचीन वनखण्डी महादेव शिव मंदिर तक कच्चा रास्ता बनाए जाने के लिए अन्न त्याग कर अनशन कर रखा था। प्रशांत शर्मा का कहना था कि जिला पंचायत द्वारा पक्की सड़क बनवाने के लिए सर्वे भी करा लिया गया है लेकिन निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं कराया गया है। रविवार को इस मौके पर एसडीएम सदर नीरज शर्मा को ज्ञापन सौंपा। वहीं भाकियू चौधरी चरण सिंह के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी, राष्ट्रीय महासचिव देव चौधरी, जिलाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह, प्रधान अनिल कुमार, रविंद्र चौबे, हरेंद्र सिंह आदि ने पहुंचकर मामले की जानकारी ली और अनशन को समाप्त कराया।