भारतीय किसान यूनियन हरपाल गुट के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शनिवार को कलक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद किसानों की समस्याओं के संबंध में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा।
अध्यक्षता अलीगढ़ मंडल महामंत्री चौधरी रामअवतार सिंह ने की और संचालन तहसील अध्यक्ष भगवान सिंह ने किया। संगठन ने मांग की कि पिछले दो वर्षों से आलू किसानों को उनकी उपज का उचित लागत मूल्य नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में किसानों को 500 रुपये प्रति क्विंटल अनुदान दिया जाए।
संगठन का कहना था कि 100 रुपये प्रति क्विंटल की सहायता ऊंट के मुंह में जीरे के समान है और इससे किसानों की लागत भी नहीं निकल पा रही है। भाकियू ने स्कूल-कॉलेजों में किताबों पर भारी कमीशन लेने और लगातार बढ़ती फीस पर रोक लगाने की मांग भी उठाई। साथ ही अमेरिका के साथ होने वाले व्यापार समझौते को भारत की जनता के हितों के अनुरूप रखने की बात कही।
संगठन ने घरेलू और नलकूपों की बिजली आपूर्ति सुचारु रखने और गांव मगरिया में पोखर पर किए गए कब्जे को हटवाने की मांग की। मौके पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी हरपाल सिंह, चौधरी रामअवतार सिंह, भगवान सिंह, देवेंद्र सिंह, संजय शर्मा, बलवीर सिंह, महीपाल सिंह, राधेश्याम सिंह, नारायण सिंह, वीरेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।