फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hathras News: एसई के कक्ष में घुसे किसान, घेराव कर जमीन पर बैठे

Tue, 07 Jul 2026 02:19 AM IST
अलीगढ़ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस
विज्ञापन
अधीक्षण अ​भियंता के दफ्तर के अंदर धरना देते भाकियू कार्यकर्ता।  संवाद - फोटो : Samvad
विज्ञापन
भारतीय किसान यूनियन (भानु) के बैनर तले सोमवार को ओढ़पुरा स्थित विद्युत वितरण मंडल के कार्यालय पर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। करीब दो घंटे तक इंतजार करने के बाद भी जब अधीक्षण अभियंता नहीं आए तो किसान उनके कक्ष में घुस गए और घेराव कर धरना शुरू कर दिया।
विज्ञापन

आक्रोशित किसान पहले अधीक्षण अभियंता के कक्ष पर ताला लगाने पहुंचे, लेकिन कक्ष का दरवाजा खुला मिला। इसके बाद किसान सीधे कक्ष के भीतर घुस गए। इस दौरान कक्ष के भीतर काफी देर तक तीखी नोकझोंक होती रही।
भाकियू नेताओं ने विद्युत विजिलेंस के उपनिरीक्षक अवधेश कुमार पर भ्रष्टाचार, अभद्र व्यवहार और किसान विरोधी कार्यशैली अपनाने का आरोप लगाया। किसान नेताओं ने अधीक्षण अभियंता से कहा कि करीब 500 किसान कई घंटों से तेज धूप में धरना दे रहे हैं, जबकि वह वातानुकूलित कार्यालय से बाहर निकलने को तैयार नहीं हैं।
विज्ञापन

उन्होंने एसई के इस व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए खरी-खोटी सुनाईं और भविष्य में अपने व्यवहार में सुधार करने की चेतावनी दी। काफी देर तक चली बहस के बाद किसान अधीक्षण अभियंता को उनके कक्ष से बाहर निकालकर धरना स्थल पर ले आए और वहीं बैठाकर अपनी मांगों पर वार्ता की।
इस दौरान अधिशासी अभियंता शहर संदीप कुमार और अधिशासी अभियंता देहात लालबहादुर ने बीच-बचाव करते हुए किसानों को शांत कराया और वार्ता के जरिये समाधान निकालने का प्रयास किया। धरने में किसानों ने विजिलेंस उपनिरीक्षक अवधेश कुमार को तत्काल निलंबित करने, उनके खिलाफ विभागीय जांच कराने और गोपालपुर फीडर पर धान की रोपाई के मद्देनजर प्रतिदिन कम से कम 10 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग रखी।

दो सदस्यीय समिति के गठन पर माने किसान
काफी देर चली वार्ता के बाद अधीक्षण अभियंता की ओर से लिखित आदेश जारी कर मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय समिति गठित की गई। समिति में विद्युत परीक्षण खंड के अधिशासी अभियंता लव कुमार को अध्यक्ष और नगरीय वितरण खंड के अधिशासी अभियंता संदीप कुमार को सदस्य बनाया गया है। समिति को सात कार्य दिवस के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। लिखित आश्वासन मिलने के बाद किसानों ने फिलहाल धरना स्थगित कर दिया, लेकिन चेतावनी दी कि यदि दोषी अधिकारी पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और उग्र होगा।


बिजलेंस टीम के उपनिरीक्षक अवधेश कुमार गांवों में जाकर छापा मारते हैं। 20 लोगों पकड़ते हैं, फिर उनसे सौदेबाजी करके कार्रवाई नहीं करते। मैंने इसका विरोध किया तो, उन्होंने मेरे साथ अभद्रता की, मुझे धमकी दी। हमने उनके निलंबन की मांग की है।
-ठाकुर आशीष सिंह, जिला अध्यक्ष, भारतीय किसान यूनियन भानु।



किसानों के सम्मान से कोई समझौता नहीं होगा। अधिकारियों को यह समझना होगा कि किसान घंटों धूप में बैठे रहे और अधीक्षण अभियंता बाहर तक नहीं आए। लिखित आश्वासन मिला है, यदि कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
विज्ञापन

-नवीन कुमार, राष्ट्रीय सचिव, भारतीय किसान यूनियन भानु।

किसानों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जांच समिति गठित कर दी गई है। सात दिन में रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
-अजीत कुमार सिंह, अधीक्षण अभियंता विद्युत, हाथरस।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें