संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
डार्क जोन में अवैध रूप से हुए नलकूप कनेक्शनों को नियमित कराने का विभाग के पास आदेश आ गया है। 21 जनवरी तक किसान कागजी प्रक्रिया पूरी कर कनेक्शनों को नियमित करा सकते हैं। कनेक्शन नियमित होने के बाद किसान आराम से फसलों की सिंचाई कर सकते हैं।
बता दें कि जिले में वर्ष 2007 में मुरसान, हाथरस जंक्शन, सासनी आदि क्षेत्र डार्क जोन थे। इसके बाद विभागीय अधिकारियों ने किसानों से मिलीभगत करते हुए अवैध रूप से नलकूप कनेक्शनों का वितरण कर दिया। इसके के बाद विजिलेंस व एसआइटी ने नलकूप कनेक्शनों की जांच की। जिसमें करीब 1200 कनेक्शन अवैध थे। इसके बाद डार्क जोन को खत्म कर दिया गया। काफी किसानों ने कनेक्शनों को नियमित करा लिया।
अब जो किसान अवैध नलकूप को नियमित नहीं करा पाए हैं, वे 21 जनवरी तक बिजली कार्यालय में पहुंचकर कागजी प्रक्रिया को पूरा कर कनेक्शन को नियमित करा सकते हैं। इसके बाद फिर से नलकूप कनेक्शनों को चेक किया जाएगा। जो कनेक्शन अवैध होगा, उन कनेक्शनधारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में अधीक्षण अभियंता पवन कुमार अग्रवाल का कहना है कि जिन उपभोक्ताओं ने डार्क जोन में हुए अवैध नलकूप कनेक्शनों को नियमित नहीं कराया है, वह 21 जनवरी तक नियमित करा सकते हैं।