संवाद न्यूज एजेंसी, सासनी।
किसान की हत्या के मुख्य आरोपी गौरव शर्मा उर्फ रुद्राक्ष पंडित को पुलिस सातवें दिन भी गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पुलिस ने गौरव पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। गौरव की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है, लेकिन पुलिस अभी तक आरोपी के बारे में कोई सुराग नहीं जुटा सकी है।
इस घटना के बाद गांव में खामोशी पसरी हुई है और एहतियातन पुलिस बल भी तैनात है। दरअसल, सोमवार को खेत में आलू की खोदाई करते समय नामजद आरोपियों ने दिन दहाड़े गोली मारकर एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हालांकि पुलिस इस मामले में तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, लेकिन मुख्य आरोपी अभी उसकी पकड़ से दूर है।
गौरतलब है कि मृतक का अंतिम संस्कार कड़ी सुरक्षा के बीच हुआ था। इसके बाद मृतक की अस्थियों का गंगा में विसर्जन भी पुलिस की सुरक्षा के बीच हुआ था। हालांकि पुलिस गौरव को जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। मृतक के परिजन शुरू से ही यह आरोप लगा रहे है कि गौरव को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है।