सादाबाद-जलेसर मार्ग पर सोमवार की देर शाम सादाबाद से लौटते समय एक ई-रिक्शा सामने से आ रहे वाहनों के बचने प्रयास में गांव मढ़ाका से आगे चारग कोल्ड स्टोरेज के सामने पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा में बैठे 58 वर्षीय जुगेंद्र सिंह पुत्र सुग्रीव सिंह निवासी खोंड़ा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य सवारियां घायल हो गईं।
सवारियों की चीख-पुकार सुनकर कोल्ड स्टोरेज में कार्य कर रहे मजदूर वहां दौड़कर आए और ई-रिक्शा को सीधा कर सवारियों को उसके नीचे से निकाला। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस और मजदूरों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उनको छुट्टी दे दी गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार की दोपहर को शव गांव में पहुंचने पर घर में कोहराम मच गया। मृतक जुगेंद्र किसान थे। उन्होंने अपने पीछे पत्नी के अलावा एक विवाहित पुत्री एवं दो अविवाहित पुत्रों को बिलखते हुए छोड़ा है। मंगलवार की दोपहर बाद ही गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार कर दिया।
कोतवाली प्रभारी मयंक चौधरी का कहना है कि कोतवाली में अभी तक किसी ने कोई लिखित शिकायत नहीं की है। लिखित शिकायत करने पर रिपोर्ट दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।