भीमसेन बाजार से कृषि उपकरण लेकर स्कूटी से अपने गांव लौट रहे थे। पीछे से आए ट्रक ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। पुलिस और हाईवे एंबुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक भीमसेन की मौत हो चुकी थी।
सादाबाद के आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग पर ग्राम वास अमरू के निकट राजगढ़ पैलेस के सामने बृहस्पतिवार दोपहर पीछे से आ रहे ट्रक ने स्कूटी सवार किसान को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार 35 वर्षीय भीमसेन की मौत हो गई।
विज्ञापन
ग्राम पंचायत जारऊ के गांव पंच नगरिया नगला तासी निवासी भीमसेन पुत्र विजेंद्र सिंह बुधवार को आगरा के कस्बा खंदौली के बाजार गए थे। बृहस्पतिवार को बाजार से कृषि उपकरण लेकर स्कूटी से अपने गांव लौट रहे थे। आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग पर गांव वास अमरू के निकट राजगढ़ पैलेस के सामने पहुंचते ही पीछे से आए ट्रक ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी।
हादसे के बाद घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई। पुलिस और हाईवे एंबुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक भीमसेन की मौत हो चुकी थी। परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि भीमसेन तीन बच्चों के पिता थे। उनकी मौत से परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व भीमसेन के एक भाई की भी आंधी के दौरान पेड़ गिरने से मौत हो गई थी। कोतवाल विजय कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।