गांव गुरसौटी में 19 लोगों पर कृषि भूमि और फार्म हाउस को धोखाधड़ी से हड़पने का आरोप लगा है। इस भूमि की कीमत करीब 60 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस संबंध में कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
आगरा के देहली गेट थाना क्षेत्र निवासी रविंद्र मोहन पचौरी ने गांव गुरसौटी निवासी रामनिवास, रामेश्वर, राजन सिंह, प्रेमवती, शैलेंद्र भारती, धर्मेंद्र कुमार, जितेंद्र कुमार, श्रीदेवी, राकेश कुमार, संतोष कुमार, राजेश, प्रेमदेवी, भोलाराम, राकेश, विनोद, भाग्य श्री के अलावा सब रजिस्ट्रार सादाबाद, दस्तावेज लेखक राजवीर सिंह निवासी मंस्या, विनोद निवासी आगरा सहित कुल 19 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
उन्होंने कहा है कि उन्होंने वर्ष 2010-11 में मौजा गुरसौटी स्थित गाटा संख्या 375 व 410 की करीब 2.2730 हेक्टेयर कृषि भूमि विधिवत बैनामे के माध्यम से खरीदी थी। भूमि का सौदा श्रीनिवास, रामनिवास, राजेंद्र व उनके परिजनों द्वारा कराया गया था और बैनामे के समय यही लोग गवाह भी बने थे। खरीद के बाद वहां कंटीले तारों की फेसिंग कराकर रोड साइड बाउंड्री बनाई गई और ऑर्किड फार्म हाउस तैयार कराया गया।
आरोप है कि इसके बाद कुछ लोगों ने फार्म हाउस में चोरी, आगजनी और चौथ वसूली जैसी घटनाओं को अंजाम दिया, जिसकी रिपोर्ट भी पूर्व में दर्ज कराई जा चुकी है। रविंद्र का आरोप है कि 12 नवंबर 2024 को नामजदों ने आपस में साजिश कर उनकी भूमि और ऑर्किड फार्म हाउस का फर्जी इकरारनामा तैयार करा लिया।
इस कार्य में गांव गुरसौी के कई लोगों के साथ दस्तावेज लेखक और अन्य व्यक्तियों की भी भूमिका रही। आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर उन्हें करोड़ों रुपये की आर्थिक क्षति पहुंचाने का प्रयास किया और ब्लैकमेल कर चौथ वसूली की मंशा से यह कृत्य किया गया। आरोपी दबंग प्रवृत्ति के हैं और लगातार मानसिक दबाव बना रहे हैं, जिससे वह काफी तनाव में हैं। कोतवाल विजय कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।