लूट का माल खरीदने वाला नामचीन सराफ गिरफ्तार, भेजा जेल
कई दिनों से लगातार दी जा रहीं दबिशों के बाद पुलिस के हाथ लगा सराफ
रुहेरी चौराहे के पास से हाथरस गेट पुलिस ने सराफ को गिरफ्तार कर भेजा जेल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। लूट और चोरी का माल खरीदने के आरोपी सराफ को गुरुवार की सुबह पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस कई दिनों से दबिशें दे रही थी। वह रुहेरी चौराहे पर खड़े होकर कहीं भागने की फिराक में था, वहीं से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया।
उल्लेखनीय है कि कोतवाली हाथरस गेट पुलिस ने सात अक्तूबर दिन सोमवार को कई लूट और चोरी की घटनाओं का खुलासा किया। जिसमें दो लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद दिखाए गए। रहीश निवासी मधुगढ़ी हाल निवासी मंटोला आगरा और लाला निवासी मधुगढ़ी हाल निवासी सुशील नगर आगरा को गिरफ्तार किया गया। इन बदमाशों ने पुलिस को यह बताया था कि वह लंबे समय से शहर के कई सराफों को लूटा गया व चोरी का माल बेचते हैं। इनमें एक सराफ बलवीर सिंह वर्मा भी शामिल है।
पुलिस ने अनिल निवासी रमनपुर जोगिया रोड, खलील निवासी श्रीनगर और इमरान उर्फ सोशन निवासी पत्थर वाली रोड हाथरस के अलावा लूट का माल खरीदने वाले सराफ बलवीर उर्फ बाबूलाल वर्मा निवासी खातीखाना मेंडू गेट चौराहा को फरार दिखाया था। यहां पर सराफ को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे थे। इसे लेकर पुलिस कई दिनों से सराफ बलवीर उर्फ बाबूलाल वर्मा की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दे रही थी।
गुरुवार की सुबह करीब साढ़े 11 बजे एसएचओ संजीव कुमार शर्मा व उनकी टीम ने सराफ को रुहेरी चौराहा से गिरफ्तार कर लिया। यहां से सराफ कहीं जाने की फिराक में था। पुलिस ने सराफ को कोर्ट में पेश किया, वहां से उसे जेल भेज दिया गया। एसएचओ संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि सराफ बलवीर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेजा गया है। उन्होंने बताया कि सराफ ने किसी को भी रुपये देने की बात स्वीकार नहीं की है।