गांव बसगोई के माजरा नगला बीरबल में बुधवार की रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। शातिर चोर मकान से लाख रुपये की नकदी और भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण समेट ले गए। चौंकाने वाली बात यह है कि वारदात के समय परिवार के सभी सदस्य घर के भीतर ही सो रहे थे और उन्हें भनक तक नहीं लगी।
सुबह ऊपर के कमरे का दरवाजा खुला मिलने पर परिवार के लोगों को घटना की जानकारी हुई। पीड़ित मकान स्वामी चरन सिंह ने बताया कि रोज की तरह परिवार के सभी सदस्य बुधवार की रात में सोए हुए थे। सुबह जब वे जागे तो ऊपर की मंजिल पर बने कमरे का दरवाजा खुला हुआ मिला। अंदर जाने पर परिजनों के होश उड़ गए।
कमरे का सारा सामान अस्त-व्यस्त बिखरा पड़ा था और अलमारी व बक्से के ताले टूटे हुए थे। जांच करने पर पता चला कि घर में रखी नकदी और जेवरात गायब हैं। पीड़ित चरन सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चोर 1,17,500 रुपये की नकदी, सोने और चांदी के गहने, कपड़े और अन्य कीमती सामान ले गए हैं। प्रभारी निरीक्षक विपिन चौधरी का कहना है कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटना के खुलासे के पुलिस की टीम लगा दी गई है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।