क्षेत्र के गांव खुटीपुरी जाटान में सात वर्षीय बच्चे की हत्या का बेशक पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा कर दिया, लेकिन मृतक बालक के परिजन और ग्रामीणों ने पुलिस पर हत्या में शामिल एक और आरोपी का नाम निकालने का आरोप लगाया है। इन लाेगों ने शनिवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीएम को शिकायती पत्र सौंपा।
गांव निवासी प्रेम सिंह ने नौ मई को थाना मुरसान में तहरीर देकर कहा था कि आठ मई की दोपहर को उनका सात वर्षीय नाती भोला उर्फ जीवन घर से लापता हो गया था। 10 मई की सुबह गांव के निकट भूरी सिंह के चरी के खेत में भोला का शव क्षत-विक्षत हालत में मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी मृत्यु का कारण गला दबाना आया था।
16 मई को पुलिस ने इस मामले में गांव के ही सचिन व आवा उर्फ छोटू पुत्रगण डोरीलाल को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया। बालक के परिजन व ग्रामीणों ने आरोपी सचिन व आवा के बड़े भाई देशवीर उर्फ झोली को हत्या में मुख्य आरोपी बता रहे हैं। प्रेम सिंह का कहना है कि उनके नाती भोला की हत्या में अहम भूमिका देशवीर उर्फ झोली की रही है, लेकिन पुलिस ने झोली को नहीं पकड़ा है।
अंदेशा है कि भोला की हत्या करके उसके शव को दो दिन तक आरोपियों ने घर में ही पानी से भरे ड्रम में डालकर रखा था। प्रेम सिंह का कहना है कि झोली ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी है और कहा है कि उसने चार लाख रुपये उन्हीं के लिए रखे हैं। आरोप है कि पुलिस की तलाशी में झोली के पास से 315 बोर का असलहा और चाकू बरामद किया गया था, लेकिन पुलिस ने यह बात अपने खुलासे में नहीं बताई है। सीओ सादाबाद हिमांशु माथुर का कहना है कि संकलित साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी की गई थी। परिवार को सभी साक्ष्यों से अवगत कराया गया था।