तहरीर में आरोप लगाया गया है कि फर्जी पेज संचालित करने वाला व्यक्ति अलग-अलग मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर लोगों से संपर्क करता है और रणजीत सिंह के नाम का सहारा लेकर रुपये की मांग कर रहा है।
हाथरस में सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव छोंकरा निवासी यूट्यूबर रणजीत सिंह के नाम से फर्जी फेसबुक पेज बनाकर अवैध वसूली किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू हो गई है।
विज्ञापन
रणजीत सिंह ने बताया कि वे करीब पांच वर्षों से यूट्यूब पर चैनल संचालित कर रहे हैं। इस चैनल पर वह भक्ति और आध्यात्मिक विषयों से संबंधित वीडियो अपलोड करते हैं। आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके यूट्यूब चैनल के नाम और प्राचीन तंत्र साधना नाम से फेसबुक पर फर्जी पेज बना लिया है।
पीड़ित के अनुसार, आरोपी उनके यूट्यूब चैनल से वीडियो डाउनलोड करने के बाद उनमें एडिटिंग कर फर्जी फेसबुक पेज पर अपलोड कर रहा है। इन पोस्ट और वीडियो में रणजीत सिंह के नाम का इस्तेमाल किया जा रहा है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि फर्जी पेज संचालित करने वाला व्यक्ति अलग-अलग मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर लोगों से संपर्क करता है और रणजीत सिंह के नाम का सहारा लेकर रुपये की मांग कर रहा है। इससे न केवल उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि उनकी सामाजिक छवि भी प्रभावित हो रही है।
तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर फर्जी सोशल मीडिया पेज, इस्तेमाल किए जा रहे मोबाइल नंबरों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।- रामानंद कुशवाहा, एएसपी।