सडी गली खाद्य सामग्री को फिकवाते डीओ देवाशीष उपाध्याय।
- फोटो : Amar Ujala
होली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान लगातार जारी है। मंगलवार को विभागीय टीम ने सासनी से लेकर मुरसान समेत कई स्थानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान एक्सपायर पानी की किनले की बोतलें, चांदी के बजाय एल्युमीनियम की वर्क लगी बर्फी, सोडा और नमकीन फिंकवाये और खाद्य वस्तुओं के नमूने संग्रहित किए। इस कार्रवाई से कारोबारियों में हड़कंप मचा रहा। कई कारोबारी दुकान बंद कर भाग गए।
यह कार्रवाई डीएम अमित कुमार सिंह के निर्देश पर अभिहित अधिकारी देवाशीष उपाध्याय की अगुवाई में की गई। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम द्वारा जलेसर रोड सासनी में बाइक पर दूध ले जाते हुए विशंभर का मिश्रित दूध का नमूना संग्रह किया। इसके बाद टीम ने कुशवाह स्वीट हाउस कोतवाली चौराहा सासनी पर सुरेशचंद्र कुशवाह पुत्र लाखन सिंह निवासी ब्राहमनपुरी सासनी से खोआ का नमूना लिया। राधे स्वीट सेंटर से धर्मपाल पुत्र विनोद कुमार निवासी सीकुर सासनी से खोवा व पनीर का नमूना लिया।
जलेसर रोड सासनी से विजय स्वीट हाउस से खोवा का नमूना भरा गया। इसके बाद टीम जहांगीर पुत्र असलम निवासी रूहेरी पर पहुंची, यहां से मैदा का नमूना संग्रह किया गया। छोटे पुत्र असलम निवासी रूहेरी की दुकान का निरीक्षण किया गया तो 25 बोतल किनले ब्रांड की पानी की बोतल, 10 बोतल सोडा की और लगभग 200 पैकेट नमकीन एक्सपायरी डेट की पाई गईं। मौके पर सभी को नष्ट करा दिया गया। अभिहित अधिकारी देवाशीष उपाध्याय ने कहा कि पैक्ड आयटम की पैकिंग डेट, बेस्ट बिफोर, बैच नंबर आदि देखकर खरीदें और बेचें। इसके पश्चात टीम ने कलेक्ट्रेट हाथरस के बाहर लगी दुकानों का निरीक्षण किया। यहां सुरेश चंद्र पुत्र रामबाबू निवासी असरोई इगलास से एल्युमीनियम वर्क लगी बर्फी का नमूना लिया। लगभग पांच किलो बर्फी को फिंकवा दिया गया।
खाद्य कारोबारियों को चेतावनी दी गई कि आज के बाद एल्युमीनियम वर्क लगी हुई बर्फी कतई न बेचें। खाद्य सामग्री अखबारी कागज पर न बेंचे। टीम ने कलेक्ट्रेट स्थित राधा किशन ओझा पुत्र हीरा लाल से पूए का नमूना संग्रहित किया गया। कलेक्ट्रेट स्थित गौरव की कैंटीन पर छापा मारा गया। गौरव अग्रवाल पुत्र विष्णु गुप्ता निवासी नयागंज हाथरस से दूध का नमूना संग्रह किया गया। कैंटीन के मालिक को चेतावनी दी गई कि खाद्य पदार्थों को ढक कर रखें तथा बंद ढक्कन वाली डस्टबिन का प्रयोग करें। इस मौके पर टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी हरींद्र सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी महावीर सिंह प्रेमी, सुरेश कुमार, बीएन कटियार, मुनेंद्र सिंह राना और राकेश कुमार मौजूद रहे।