हाथरस। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से शुरू होंगी। परीक्षा में नकल के कारोबार को अपने हिसाब से चलाने के लिए माफिया अभी से अपनी गोटियां फिट करने में जुटे हैं, जिससे नकल के कारोबार से वह मोटी कमाई कर सकें। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र निर्धारित होने के बाद अब विद्यालय संचालक आगे की रणनीति बनाने लगे हैं। विद्यालय संचालकों का प्रयास है कि अब उनके विद्यार्थी जिस केंद्र पर परीक्षा देंगे, वहां अधिक से अधिक उनके अपने शिक्षकों को कक्ष निरीक्षक के रूप में डयूटी मिल जाए, जिससे वह अपने विद्यालय के विद्यार्थियों को उनकी मर्जी के मुताबिक नकल कराकर परीक्षा दिला सकें। भविष्य में अपने विद्यालय में एडमिशन के नाम पर अभिभावकों को यह भी बता सकें कि वह अपने वादे के अनुसार परीक्षा पास कराने की क्षमता रखते हैं। माफिया ने इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों पर गणित, अंग्रेजी सहित सभी गणिन प्रश्न पत्रों को हल करने के लिए विशेषज्ञों की तलाश भी शुरू कर दी है, जिससे परीक्षा के दौरान प्रश्न पत्रों को हल करने की समस्याओं से दो-चार नहीं होना पडे़।
-हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा को परिषद की नीति के अनुसार ही कराया जाएगा। जहां भी गड़बड़ी मिलेगी, वहां विधिवत रूप से कार्रवाई होगी।-जेके मलिक, डीआईओएस