डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय की परीक्षाओं में अव्यवस्थाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं। क्षेत्र में मंगलवार को हुई परीक्षा में बीएससी के पेपर ही कम आए, जिससे कई परीक्षार्थी पेपर से वंचित रह गए। बाद में कॉलेज संचालकों ने आनन-फानन पेपर की फोटो कॉपी कराई और उसे परीक्षार्थियों में वितरित कराके परीक्षा विधिवत रूप से सुचारु कराई। इस दौरान परीक्षार्थियों का काफी समय खराब हो गया।
बता दें कि मंगलवार को विश्वविद्यालय की बीएससी फाइनल की परीक्षा थी। स्थानीय आनंदी देवी महाविद्यालय परीक्षा केंद्र में कुल 316 परीक्षार्थी पेपर दे रहे थे, लेकिन इस केंद्र पर विश्वविद्यालय ने मात्र 90 पेपर ही भेजे। इससे केंद्र संचालक परेशान हो गए।
किसी तरह पेपर की फोटो कॉपी कराई गई और उसे बाकी रहे परीक्षार्थियों में वितरित कराके परीक्षा सुचारु कराई गई। इसी प्रकार कासगंज रोड स्थित गुमानी सिंह महाविद्यालय में पंजीकृत परीक्षार्थियों से 110 पेपर कम आए। क्षेत्र के अनेक विद्यालयों पर डिग्री की परीक्षाएं हो रही हैं। विश्वविद्यालय के नियमों में तो परिवर्तन किया है, अव्यवस्थाएं दूर कराने में वह नाकामयाब ही रहा है।