हाथरस। यूपी बोर्ड परीक्षा में बुधवार को हाईस्कूल की संगीत गायन और इंटर की अर्थशास्त्र, अर्थशास्त्र तथा वाणिज्य भूगोल, भौतिक विज्ञान व व्यापारिक संगठन एवं पत्र व्यवहार प्रश्नपत्र की परीक्षा हुई। परीक्षाओं के दौरान जेडी एके द्विवेदी ने सादाबाद के दो परीक्षा केंद्रों पर छापा मारकर दो नकलचियों को पकड़ लिया।
जिलेभर के परीक्षा केंद्रों पर सुबह की पाली में हुई हाईस्कूल की संगीत गायन की परीक्षा में कुल 157 में से छह परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इंटर की अर्थशास्त्र द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा में कुल 2055 परीक्षार्थियों में से 213 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। अर्थशास्त्र व वाणिज्य भूगोल की परीक्षा में कुल चार में से दो परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। इसी तरह शाम की पाली में हुई इंटर की भौतिक विज्ञान की परीक्षा में कुल 28215 में से 4263 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। व्यापारिक संगठन की परीक्षा में कुल 387 में से 19 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
भौतिक विज्ञान की परीक्षा के दौरान जेडी एके द्विवेदी ने सादाबाद में सादाबाद इंटर कॉलेज और रामरतन कटारा इंटर कॉलेज में छापा मारा। इस छापामार कार्रवाई में जेडी ने दोनों परीक्षा केंद्रों पर एक-एक परीक्षार्थी को नकल करते हुए दबोच लिया। इन परीक्षार्थियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है। जेडी ने जिले के अन्य कई परीक्षा केंद्रों का भी निरीक्षण किया।