हाथरस। जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा के चौथे दिन भी नकल माफिया ने परीक्षार्थियों को नकल कराने में कोई कसर नहीं छोड़ी। ग्रामीण क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों पर नकल माफियाओं ने परीक्षा की शुचिता को तार-तार कर दिया। परीक्षा केंद्रों पर दीवारों पर चढ़कर, अंदर घुसकर बेखौफ नकल कराई गई। प्रशासन के सचल दलों की कार्रवाई सिर्फ दो नकलचियों को पकड़ने तक ही सीमित रही।
बोर्ड परीक्षा में मंगलवार को सुबह की पाली में हाईस्कूल की गणित, प्रारंभिक गणित और गृहविज्ञान की परीक्षा थी। गणित की परीक्षा के दौरान सादाबाद के घनश्याम सिंह चारग इंटर कॉलेज एदलपुर में डीआईओएस ने एक परीक्षार्थी को नकल करते हुए पकड़ लिया। इसके अलावा वित्त एवं लेखाधिकारी ने एलवीएस इंटर कॉलेज जलेसर रोड में भी एक नकलची को नकल करते हुए दबोचा। गणित की परीक्षा में कुल 26,183 परीक्षार्थियों में से 4,504 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। प्रारंभिक गणित की परीक्षा में कुल 854 परीक्षार्थियों में से 62 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। गृहविज्ञान की परीक्षा में कुल 8,885 परीक्षार्थियों में से 1,202 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सुबह की ही पाली में इंटरमीडिएट की संगीत गायन की परीक्षा में कुल 55 परीक्षार्थियों में से एक परीक्षार्थी अनुपस्थित रहा।