नगर पालिका की टीम मंगलवार की दोपहर को फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने के लिए सड़क पर उतरी। इगलास अड्डा से लेकर मधुगढ़ी तकजेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटवाए गए। कई जगह पर पालिका कर्मियों से लोगों की कहासुनी भी हुई। चालान भी किए गए और सामान जब्त किया गया।
अमर उजाला के कब्जे में फुटपाथ अभियान के बाद नगर पालिका ने अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान छेड़ा है। अलीगढ़ व आगरा रोड पर कार्रवाई के बाद मंगलवार को टीम इगलास अड्डा पहुंची। यहां टीम की चेतावनी पर लोगों ने तख्त आदि सामान हटाने शुरू कर दिए। कुछ ने पक्के निर्माण कर रखे थे, जिन्हें जेसीबी से तोड़ा गया।
जिस दुकानदार ने सामान नहीं हटाया था, उसका सामान ट्रैक्टर में भर लिया गया। कार्रवाई से इगलास अड्डा चौराहा व मधुगढ़ी में खलबली मच गई। मधुगढ़ी से होते हुए टीम घंटाघर पर पहुंची। यहां दुकानदारों तक पहले ही खबर पहुंच गई थी कि टीम आ रही है। ऐसे में कई दुकानदार तो दुकान बंद कर इधर-उधर हो गए।
घंटाघर पर कई दुकानों से पॉलिथीन जब्त की गई। इस दौरान पालिका कर्मियों से नोकझोंक भी हुई। घंटाघर पर अभियान की जानकारी अन्य बाजारों में आग की तरह फैल गई। बैनीगंज, नजिहाई, हलवाई खाना आदि बाजारों में दुकानदारों में खलबली मच गई। जो फुटपाथ घिरे रहते थे,, वे नजर आने लगे।
अधिशासी अधिकारी रोहित सिंह ने बताया कि अतिक्रमणकारियों के चालान भी किए गए हैं, जिनसे 13 हजार रुपये की वसूली की गई है। वहीं 30 किलो पॉलिथीन भी बरामद की गई है। ईओ ने बताया कि अभी अभियान जारी रहेगा।