एनएचएआई, प्रशासन और नगर पंचायत ने संयुक्त रूप से बुधवार को अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया। अधिकारियों ने आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाइवे व अन्य कई मार्गों के किनारे किए गए अवैध अस्थायी कब्जे हटवाए। कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में खलबली मची रही।
एसडीएम मनीष चौधरी की देखरेख में चले अभियान में एनएचएआई परियोजना निदेशक संदीप यादव और बृजभूमि एक्सप्रेसवे परियोजना निदेशक विनय वर्मा ने बताया कि लंबे समय से हाइवे किनारे स्थित सरकारी भूमि और सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था बाधित हो रही थी, जिससे आम नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
अतिक्रमणकारियों को पूर्व में नोटिस और चेतावनी जारी की जा चुकी थी। इसके बावजूद कब्जे नहीं हटाए गए। अभियान के दौरान सड़क किनारे बनी अवैध दुकानों, ठेलों और अस्थायी निर्माणों को हटाया गया। कुछ स्थानों पर हल्का विरोध भी देखने को मिला, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी के कारण स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण बनी रही। एसडीएम ने बताया कि यह अभियान एक दिवसीय नहीं है, बल्कि आगे भी लगातार जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान सीओ सिटी अमित पाठक, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी विकास जैन, आरई सिद्दीकी, ओएम अमित चौहान सहित पुलिस बल की टीम मौजूद रही।