सादाबाद में एचटी लाइन के टूटे तारों को सही करते विद्युत कर्मी।
- फोटो : samvad
सोमवार की रात को करीब एक बजे आई तेज आंधी ने बिजली व्यवस्था को फिर तगड़ा झटका दिया। आंधी में सादाबाद से सहपऊ जाने वाली बिजली की लाइन के तार टूट गए, जिससे इससे जुड़े 72 गांवों की बिजली ठप हो गई। मंगलवार सुबह लाइन को सही करने का काम किया गया। करीब नौ घंटे बाद सुबह सवा 10 बजे बिजली बहाल हो सकी।
बिना बिजली के पूरी रात इस लाइन से जुड़े गांव अंधेरे में रहे और लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह पानी का संकट भी झेलना पड़ा। यह तार भूषण कृषि फॉर्म की पीछे टूटकर गिरे, जिससे सहपऊ विद्युत उपकेंद्र की आपूर्ति ठप हो गई। इस उपकेंद्र से जुड़े गांव मढ़ापिथु, मढ़ाभोज, पट्टी बहराम, नगला कली, नगला विसी, बटपुरा, तामसी, कस्बा सहपऊ, बुढ़ाइच, महरारा, सेंदरिया, धाधऊ, नगला बिहारी, कुकरगवां एवं खोंड़ा सहित लगभग 72 गांव प्रभावित हुए। अवर अभियंता नेम सिंह ने बताया कि मंगलवार की सुबह कर्मियों ने टूटे तारों को जोड़ दिया, जिसके बाद सुबह करीब सवा 10 बजे बिजली बहाल हो गई।