बड़ी संख्या में कनेक्शन कटने के बाद जब उपभोक्ताओं ने एक साथ रिचार्ज कराया, तो तकनीकी दबाव के कारण बिजली आपूर्ति बहाल होने में करीब छह घंटे तक का समय लग गया। इससे लोगों को और अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा।
हाथरस जनपद में स्मार्ट मीटर के प्रीपेड कनेक्शनों पर विद्युत विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को करीब पांच हजार उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। यह कार्रवाई उन बकायेदारों पर की गई, जिनका बैलेंस माइनस में पहुंच गया था। अचानक बड़ी संख्या में बिजली कटने से उपभोक्ताओं में खलबली मच गई।
विज्ञापन
विद्युत विभाग द्वारा यह कार्रवाई चरणबद्ध तरीके से की जा रही है। करीब एक सप्ताह पहले पहले चरण में 4200 कनेक्शनों की आपूर्ति बंद की गई थी, जबकि दूसरे चरण में करीब 1000 कनेक्शनों पर कार्रवाई हुई। सोमवार को तीसरे चरण में लगभग 5000 कनेक्शनों की बिजली काट दी गई, जिससे कई इलाकों में एक साथ बिजली गुल हो गई।
विद्युत निगम की ओर से बताया गया है कि स्मार्ट मीटर वाले प्रीपेड उपभोक्ताओं को समय-समय पर अपना बैलेंस रिचार्ज कराना जरूरी है। जैसे ही बैलेंस शून्य से नीचे जाता है, सिस्टम स्वत: ही बिजली आपूर्ति बंद कर देता है। आपूर्ति बहाल कराने के लिए उपभोक्ताओं को माइनस बैलेंस चुकाकर कम से कम 100 रुपये का सरप्लस बैलेंस रखना अनिवार्य है।
विज्ञापन
बड़ी संख्या में कनेक्शन कटने के बाद जब उपभोक्ताओं ने एक साथ रिचार्ज कराया, तो तकनीकी दबाव के कारण बिजली आपूर्ति बहाल होने में करीब छह घंटे तक का समय लग गया। इससे लोगों को और अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। उपभोक्ताओं का कहना है कि बिजली काटने से पहले सूचना दी जाए, ताकि वे समय रहते बैलेंस रिचार्ज करा सकें।
23 मार्च को पांच हजार से ज्यादा जिन उपभोक्ताओं पर नेगेटिव बैलेंस था, उनका कनेक्शन ऑटोमेटिक कटा है और यह प्रक्रिया आगे भी होगी। अत: उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि जिनका नेगेटिव बैलेंस है, वह अपना एडवांस ज्यादा रिचार्ज करके रखें, जिससे कनेक्शन न कटे।-संदीप कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत, हाथरस।