विद्युत लाइनों की मरम्मत के चलते बुधवार को रुहेरी सहित करीब 10 गांवों में करीब आठ घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। करीब दो हजार परिवारों ने बिना बिजली के दिक्कतों का सामना किया। जब तक बिजली नहीं आई, तब तक लोगों के रोजमर्रा के काम चौपट पड़े रहे।
इस दौरान विभाग की ओर से शटडाउन लेकर जगह-जगह लाइनों की स्थिति सुधरवाई गई और ट्रांसफाॅर्मर से जुड़ी तकनीकी खामियों को दूर करने का कार्य किया गया।
इस कार्य के लिए बुधवार की सुबह रुहेरी विद्युत उपकेंद्र की आपूर्ति सुबह नौ बजे बंद कर दी गई और शाम करीब पांच बजे बहाल की गई। कई घरों में पेयजल की समस्या खड़ी हो गई, क्योंकि अधिकांश लोग पानी के लिए बिजली से चलने वाली सबमर्सिबल पर निर्भर हैं। छोटे दुकानदारों और कुटीर उद्योग चलाने वालों को भी कामकाज में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जिन गांवों की बिजली ठप रही, उनमें रुहेरी, रहना, रघनियां, नगला उम्मेद, सुमिरतगढ़ी, गारवगढ़ी, गढ़ी नंदराम, शाहपुर, किंदौली प्रमुख हैं। अधिशासी अभियंता संदीप कुमार ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से लाइन में तकनीकी खामियां और बार-बार फॉल्ट की समस्या सामने आ रही थी। इसको देखते हुए व्यापक मरम्मत का कार्य कराया गया है, ताकि भविष्य में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। बृहस्पतिवार को भी इस उपकेंद्र के फीडरों पर मरम्मत का कार्य कराया जाएगा।