शहरवासियों ने रविवार को छुट्टी के दिन लगातार पांच घंटे बिजली संकट झेला। शहर के मथुरा रोड ओढ़पुरा स्थित 33/11 केवीए उपकेंद्र पर मरम्मत का कार्य कियगिया। इस कारण आधे शहर की बिजली पांच घंटे ठप रही। बिजली गुल रहने से लोगों का रविवार की छुट्टी का मजा किरकिरा हो गया। सबसे ज्यादा लोगों को पानी की परेशानी का सामना करना पड़ा।
समय-समय पर विद्युत विभाग द्वारा उपकेद्रों पर लगी ओसीबी, वीसीबी, लाइन व ट्रांसफॉर्मरों की मरम्मत कराई जा रही है। रविवार की सुबह से शहर के ओढ़पुरा स्थित 33/11 केवीए उपकेंद्र पर अनुरक्षण एवं लाइनों की मरम्मत का कार्य किया गया। इस कारण सुबह नौ बजे से उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र मोहल्ला रमनपुर, बालपट्टी, श्रीनगर, गुलाब बाग, कमला बाजार, सासनी गेट, इगलास रोड, तबेला गली, घंटाघर, राधा वैली, अनमोल गार्डन, विनायक एनक्लेव, माहेश्वरी कॉलोनी, लोहिया नगर, हनुमान गली, सरक्यूलर रोड, बड़ा सासनी गेट, खातीखाना आदि इलाकों की विद्युत आपूर्ति बाधित रही। बिजली गुल रहने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सबसे ज्यादा लोगों को पेयजल किल्लत की समस्या का सामना करना पड़ा। सुबह का समय होने की वजह से अधिकांश घरों में पानी की टंकी खाली हो गईं। बूंद-बूंद पानी के लिए लोग परेशान रहे। बिना बिजली के लोगों के घरेलू कामकाज भी प्रभावित रहे। दोपहर करीब डेढ़ बजे विद्युत आपूर्ति सुचारु हुई। तब जाकर लोगों की दिनचर्या पटरी पर लौट सकी।
सुबह से ही बिजली नहीं है। बिजली गुल रहने से काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा पानी को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ा। -विनीत, उपभोक्ता
पहले से ही शहर में कई-कई घंटे की बिजली कटौती हो रही है। रविवार को भी कई घंटे तक बिजली गुल रहने की वजह से छुट्टी का मजा किरकिरा हो गया। -अमित पौरुष, उपभोक्ता
रविवार को ओढ़पुरा स्थित 33/11 केवीए उप केंद्र पर अनुरक्षण एवं लाइनों की मरम्मत का कार्य कराया गया। इस कारण उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले इलाकों की कुछ घंटे के लिए आपूर्ति प्रभावित रही। कार्य पूरा होने के बाद आपूर्ति को बहाल कर लिया गया। -अभिषेक सिंह, अधिशासी अभियंता शहर