कस्बा हसायन में बीते महीने दो अप्रशिक्षित चिकित्सकों के इलाज से एक बालक और एक महिला की मौत के आरोपों में घिरे दोनों ही अप्रशिक्षित चिकित्सक अपने क्लीनिक में ताला डालकर फरार हो गए हैं। इस कारण दोनों ही मामले की जांच कर रही कमेटी को जांच में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बता दें कि बीते महीने कस्बा हसायन के मोहल्ला किशन निवासी राजू दिवाकर उर्फ पोला दिवाकर के आठ वर्षीय बेटे प्रशांत की अप्रशिक्षित चिकित्सक के इंजेक्शन लगाने से तबीयत बिगड़ गई थी। सीएचसी पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। क्षेत्र के गांव मथुरापुर निवासी 24 वर्षीय महिला की प्रसव के एक महीने बाद संक्रमण फैलने से मौत हो गई थी।
परिजनों ने एक अप्रशिक्षित चिकित्सक पर गलत तरीके से इलाज किए जाने का आरोप लगाते हुए नर्सिंग होम के बाहर हंगामा किया था। दोनों ही मामलों में सीएमओ डॉ. मनजीत सिंह ने एसीएमओ डॉ. नरेश गोयल के नेतृत्व में दो सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया था। कमेटी में सीएचसी प्रभारी डॉ. अंकुश सिंह भी शामिल हैं। एसीएमओ का कहना है कि कमेटी की तरफ से दोनों ही मृतक के परिजनों को अपने-अपने बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस दिए जा चुके हैं। जब स्वास्थ्य कर्मी आरोपी अप्रशिक्षित चिकित्सकों के क्लीनिक पर नोटिस देने के लिए पहुंचे तो वह नहीं मिले।