बर्स्ट हुई केबिल को सही करते कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
नगला जलाल रेलवे क्रॉसिंग पर सिग्नल कोर केबल डालने के दौरान बिजली विभाग की केबल कट गई। इस कारण रविवार से पांच बिजलीघर की सप्लाई ठप हो गई है। तीन दर्जन गांवों में बिजली संकट गहरा गया है। बिजली महकमे का लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। विभागीय अधिकारी सप्लाई को सामान्य करने में जुटे हुए हैं।
रेलवे द्वारा मथुरा से कासगंज तक रेलवे ट्रैक को ऊर्जीकृत किया जा रहा है। रविवार की दोपहर को नगला जलाल रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे कर्मियों द्वारा सिग्नल कोर केबल डालने के लिए ट्रैक्टर से खुदाई की जा रही थी। खुदाई के दौरान बिजली की केबिल में कट गई। केबिल बर्स्ट हो गई है। इसके साथ पोरा, पुरदिलनगर, नगला वीरसहाय, भिसी मिर्जापुर, बराई शाहपुर बिजलीघर खामोश हो गए। इन बिजलीघरों से जुड़े करीब 36 गांवों में बिजली गुल हो गई। सोमवार को रेलवे के अधिकारियों ने कार्य करने की अनुमति नहीं दी।
इस कारण काम नहीं हुआ। मंगलवार की सुबह अनुमति मिलने के साथ केबिल मरम्मत की शुरुआत हुई। बिना बिजली के लोग खेतों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। घरों में लगे उपकरण शोपीस बने हुए हैं। बिना बिजली के लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो गई है। लोगों को मुश्किलों से जूझना पड़ रहा है। बिजली विभाग का करीब साढ़े सात लाख रुपये का नुकसान हुआ है।