रेजगारी से बिजली बिल जमा नहीं कर रहा महकमा
पूर्व ब्लॉक प्रमुख व पूर्व ऊर्जामंत्री के भाई रामेश्वर उपाध्याय के चिलिंग प्लांट का मामला
बकाया के चलते चिलिंग प्लांट का काट दिया विद्युत संयोजन, अब फंसा रेजगारी का पेच
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। पूर्व ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय के चिलिंग प्लांट के बकाया विद्युत बिल को लेकर बड़ा पेच फंस गया है। चिलिंग प्लांट के कर्मी दो दिन से बिजली कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं और यह कह रहे हैं कि वह बकाया बिल को रेजगारी से जमा करेंगे, लेकिन इस रेजगारी को बिजली महकमे के अधिकारी जमा नहीं कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि वह इतने सिक्कों को एक साथ जमा नहीं कर सकते हैं। उनका कहना है कि बैंक उनसे इतनी रेजगारी नहीं ले रही है। अधिकारियों का यह भी कहना है कि इस चिलिंग प्लांट का कनेक्शन कटा हुआ है। चिलिंग प्लांट के कर्मियों का कहना है आरबीआई की गाइड लाइन के अनुसार इन्हें यह रेजगारी जमा करनी होगी।
उल्लेखनीय है कि विद्युत महकमा बकायेदारों के कनेक्शन काटने के लिए लगातार अभियान चला रहा है। इसके चलते तीन दिन पहले मेंडू रोड स्थित मां रामवती चिलिंग एंड आइस प्लांट का कनेक्शन काट दिया गया। एक्सईएन खानचंद्र ने बताया कि इस प्लांट पर करीब 10.94 लाख रुपये बकाया थे। अब इस मामले में नया पेच फंस गया है। चिलिंग प्लांट के कर्मचारी दो दिन से लाखों रुपये की रेजगारी लेकर बिल जमा करने के लिए ओढ़पुरा स्थित विद्युत कार्यालय पहुंच रहे हैं, लेकिन वहां बिल जमा नहीं हो रहा है।
इस सिलसिले में चिलिंग प्लांट के मैनेजर ने अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड द्वितीय को लिखे पत्र में कहा है कि उनके प्लांट पर 210 केवीए का विद्युत संयोजन है। बर्फ और दूध का उनका काम है। ऐसे में काफी तादाद में सिक्के आते हैं। कई बार वह उनके यहां सिक्के जमा कराने गए, लेकिन सिक्के नहीं लिए गए। इससे हम पर काफी बिल हो गया। प्लांट पर 10.94 लाख का बिल बाकी है। इस बिल को जमा कराना चाहते हैं। हम पर सिक्के मौजूद हैं, इसलिए इसे जमा कराया जाए। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने इतनी तादाद में सिक्के जमा करने से इंकार दिया। इसे लेकर फिर कार्यालय पर शनिवार को अधिकारियों से प्लांट कर्मियों की नोकझोंक हुई।
चिलिंग प्लांट का बकाया के चलते कनेक्शन काटा गया है। चिलिंग प्लांट के कर्मी रेजगारी लेकर आ रहे हैं। इतनी रेजगारी हमसे बैंक नहीं ले सकते हैं। इस कारण हम रेजगारी से बिल जमा नहीं कर सकते।
-खानचंद्र एक्सईएन, विद्युत विभाग।