कैशियर बाजार से मूंगफली लाए थे। वह कुर्सी पर बैठकर मूंगफली खा रहे थे। मूंगफली खाते-खाते अचानक वह कुर्सी से गिर पड़ा। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुरदिलनगर के जलेसर रोड स्थित बिजली घर के कैशियर अशोक कुमार (53) की अचानक कुर्सी से गिरकर मौत हो गई। 28 दिसंबर की दोपहर लगभग एक बजे अचानक उन्हें हार्ट अटैक आया था।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार अशोक कुमार कैशियर के रूप में कार्यरत थे। माह के अंत में ज्यादा से ज्यादा राजस्व प्राप्ति के लिए रविवार को भी बिजली घर में कामकाज हो रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वे बाजार से मूंगफली लाए थे। कुर्सी पर बैठकर मूंगफली खा रहे थे। मूंगफली खाते-खाते अचानक वह कुर्सी से गिर पड़े।
तत्काल उनको सिकंदराराऊ स्थित सामुदायिक केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। वे मूल रूप से अलीगढ़ के रहने वाले थे, रोजाना ड्यूटी करने अलीगढ़ से पुरदिलनगर तक आते-जाते थे। सिकंदराराऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. राज वर्मा ने बताया कि जिस समय उनको इमरजेंसी में लाया गया था, उस वक्त तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। ऐसा प्रतीत होता है कि उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई है।
विज्ञापन
पुरदिलनगर में न पीएचसी, न सीएचसी
पुरदिलनगर में न तो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र है और न ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र। काफी समय से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए जगह की तलाश की जा रही थी, जगह भी मिल गई तो निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हुआ। इलाज का कोई जरिया न होने के कारण लोगों को जरा सी परेशानी होने पर सिकंदराराऊ और जलेसर तक दौड़ना पड़ रहा है। कस्बे में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र होता तो शायद तत्काल इलाज से अशोक की जान बच सकती थी।