शहर के कई इलाकों में रविवार की सुबह से दोपहर तक बिजली संकट रहा। इस कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई। बिना बिजली के लोगों को खासी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। दोपहर करीब एक बजे बिजली आई तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
उल्लेखनीय है कि गर्मी को देखते हुए बिजली विभाग द्वारा लाइनों की मरम्मत का काम किया जा रहा है। इस क्रम में रविवार को शहर के गिजरौली व नवीपुर विद्युत उपकेंद्र के लिए आने वाली लाइन पर मरम्मत का काम किया गया।
इस कारण शहर के आगरा रोड, रविकुंज, नगला भोजा, नगला टीका, नवीपुर कलां सहित कई इलाकों की बिजली सुबह साढ़े सात बजे से दोपहर एक बजे तक बाधित रही। बिना बिजली के लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। घरों में लगे उपकरण शोपीस बने रहे। पीने के पानी तक के लिए लोगों को भटकना पड़ा। दोपहर को बिजली आने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
-
जेई से मारपीट के चलते तीन घंटे बंद रही बिजली
हाथरस। रविवार को लाइन पर पेड़ों की छटाई कराने के दौरान एक व्यक्ति द्वारा मारपीट कर दी गई। इस दौरान मारपीट से आक्रोशित बिजली कर्मी कोतवाली आ गए। कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराने के दौरान जेई ने शटडाउन वापस नहीं किया। वैसे साढ़े सात से 10 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद करने का समय था। जेई के शटडाउन वापस न करने के चलते तीन घंटे अतिरिक्त बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिना बिजली के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। एसडीओ विशाल निषाद का कहना है कि लाइन पर मरम्म्त के चलते कुछ समय बिजली गुल रही है।
-
उपभोक्ताओं की व्यथा
आज सुबह से बिजली गुल होने के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विभाग को आपूर्ति पर ध्यान देना चाहिए, ताकि लोगों को निर्बाध बिजली मिले। आए-दिन बिजली गुल हो रही है। -विपिन कुमार शर्मा
-
बिजली गुल होना आम बात हो गई है। कभी दिन तो कभी रात में बिजली गुल होना आम बात हो गई है। आज सुबह से दोपहर तक बिजली बाधित होने से काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। -मोहित खंडेलवाल
-
बिजली की लाइनें जर्जर हैं। अब गर्मी के साथ लाइनों पर लोड पड़ रहा है। इस कारण बिजली संकट बढ़ गया है। कभी मरम्मत के नाम पर कभी फॉल्ट के नाम पर बिजली गुल हो रही है।
-लोकेश वार्ष्णेय
-
बिजली लाइन की मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति हो रही है। सुबह साढ़े सात से साढ़े 10 बजे तक बिजली बंद के लिए मैसेज आया था। अब एक बजे तक बिजली बंद कर दी गई है।
-गिर्राज