चिलिंग प्लांट की लाइन बनाने के दौरान तैनात पुलिसकर्मी।
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
अलीगढ़ जीटी रोड स्थित एक कोल्ड स्टोर से पास डेयरी चिलिंग प्लांट के लिए कई महीनों से टाला जा रहा बिजली की लाइन बनाने का काम रविवार को पुलिस फोर्स की मौजूदगी में कराया गया। इसके लिए डीएम को हस्तक्षेप करना पड़ा।
एसडीओ देवेंद्र कुमार और जेई पंकज कुमार ने बताया कि जीटी रोड स्थित इस कोल्ड स्टोर पर बिजली का कनेक्शन है। इसके लिये लाइन डाली गई थी और फीडर बनाकर कनेक्शन को कई वर्ष पूर्व चालू किया गया था। इसके समीप ही एक नए चिलिंग प्लांट के बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया गया था। औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जब कर्मी बिजली की लाइन बनाने जाते तो कोल्ड स्टोर स्वामी लाइन नहीं बनाने देता था। उसका कहना था कि इससे उसके कोल्ड स्टोर की बिजली बाधित हो सकती है, जबकि नई लाइन बड़ी एचटी लाइन से बननी थी और इससे कोल्ड स्टोर की बिजली पर कोई असर नहीं पड़ने वाला था, क्योंकि उसका फीडर अलग था। काफी कोशिश के बाद जब विभाग लाइन बनाने में असमर्थ रहा तो अधिशासी अभियंता ने डीएम से बात कर लाइन डलवाने के लिए विशेष अनुमति ली। रविवार को काफी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची तो उसकी मौजूदगी में बिजली कर्मियों ने खंभे लगाकर लाइन तैयार कर दी। कोतवाल प्रवेश राणा ने बताया कि काफी समय से मामला लंबित चल रहा था। डीएम के हस्तक्षेप के बाद पुलिस की मौजूदगी में लाइन डाली गई है। इधर कोल्ड स्टोर स्वामी का कहना है कि उसने कोर्ट में इसके खिलाफ वाद दायर किया है, फिर भी लाइन बना दी गई।