संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
बृहस्पतिवार की रात को मीटर में चिप लगाकर रीडिंग कम करने के मामले में गाज गिरना शुरू हो गई है। इसी क्रम में अधीक्षण अभियंता ने मीटर विभाग में तैनात जेएमटी को निलंबित कर दिया है। साथ ही उच्च स्तरीय जांच के लिए मुख्य अभियंता को पत्र लिखा है। महकमे के अधिकारी लगातार मंथन करने के साथ हर बिंदु पर जांच करने में जुटे हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि मीटर में चिप लगाकर शहर में काफी उपभोक्ता बिजली चोरी को अंजाम दे रहे हैं। इसकी भनक अधिकारियों का जब हुई तब बृहस्पतिवार की रात को पकड़े गए गिरोह के सदस्यों ने बताया। गिरोह के सदस्यों को पकड़ने के बाद विभागीय स्तर पर जांच की शुरुआत हो गई है। जांच के दौरान मीटर विभाग में जेएमटी के पद पर कार्यरत एक कर्मी को सस्पेंड कर दिया गया है। अधीक्षण अभियंता एमपी सिंह ने इस मामले में उच्च स्तरीय जांच के लिए चीफ इंजीनियर अलीगढ़ को पत्र लिखा है।