संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
बृहस्पतिवार की देर रात एमडी आफिस व स्थानीय अधिकारियों ने मीटर में डिवाइस लगाकर रीडिंग कम करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को उपकरणों सहित दबोचा है। मामले में देर रात मुकदमा दर्ज करने के लिए बिजली विभाग के अधिकारियों ने तहरीर दी है।
शहर के वसुंधरा एन्क्लेव निवासी पीके चौहान का रीडिंग कम करने वाले गिरोह से संपर्क हो गया। इस गिरोह को पकड़वाने के लिए पीके चौहान ने घर के मीटर में चिप लगवाने की बात कर ली। उन्हें यह बताया गया कि यह चिप रिमोर्ट से काम करेगी। इसकी सूचना पीके चौहान ने आगरा एमडी आफिस को दी। बृहस्पतिवार की शाम को विजिलेंस आगरा, अलीगढ़ व हाथरस की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने गैंग के दो लोगों को दबोच लिया।
अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम टीम ने अपना जाल बिछाया। मकान स्वामी ने इन युवकों को फोन करके बुलाया। टीम के सदस्य श्रीनिवास पांडेय सहायक अभियंता मीटर, एक्सईएन शहर अभिषेक सिंह, अधीक्षण अभियंता एमपी सिंह, एजाज अहमद अधीक्षण अभियंता एजाज अहमद मास रेड आदि ने आसपास डेरा डाला। टीम ने शशांक अग्रवाल पुत्र संजय अग्रवाल मंडी समिति पुरानी एआरटीओ ऑफिस, महेंद्र सिंह मौनू निवासी बालापट्टी को कई घंटे की मशक्कत के बाद रिमोर्ट, चिप आदि उपकरणों के साथ दबोच लिया।
एक मीटर में रिमोट सर्किट लगाने का 12 हजार में लेते थे ठेका
पकड़े गए गिरोह के सदस्यों ने बताया कि एक मीटर में रिमोट सर्किट लगाने के लिए 12 हजार रुपये लेते हैं। अन्य बहुत से उपभोक्ताओं के यहां मीटर में लगाई है। यह हमारी आमदनी का साधन हैं। दोनों ने बताया कि उनके गैंग में अन्य लोग भी हैं। बिजली विभाग के अधिकारियों द्वारा इन लोगों की तलाश की जा रही है। इनके पास से एक एक्टिवा भी बरामद किया गया है।