क्षेत्र के सहकारी संघ के व्यक्तिगत संचालक पद का चुनाव बुधवार की सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक होगा। मतदान समाप्त होने के बाद ही मतगणना की जाएगी। इसी दिन संचालक पद के विजेता का नाम घोषित कर दिया जाएगा।
चुनाव निर्वाचन अधिकारी मुकेश कुमार संघ सचिव राकेश उपाध्याय ने बताया कि सहकारी संघ के 553 मतदाता मनोज कुमार यादव निवासी थरौरा, रतनलाल कुशवाह निवासी महरारा एवं सुखवीर सिंह सुल्तानपुर के भाग्य का फैसला करेंगे।
गौरतलब है इस संघ पर नौ संचालक पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। जबकि आत्मनिर्भर साधन समिति नगला सलेम के संचालक के पद रिक्त रहेगा। इस पद के लिए उक्त समिति ने संघ के चुनावों के नियमों के मुताबिक अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ी जाति के साथ महिला प्रतिनिधि का नाम नहीं देने पर यहां से लोकेंद्र द्वारा भरे गए नामांकन को निरस्त कर दिया गया था।
व्यक्तिगत स्थान के लिए पांच प्रत्याशियों ने नामांकन जमा किए थे। उनमें से दो ने अपने नामांकन पत्र वापस ले लिए थे। निर्वाचन अधिकारी ने जिला मुख्यालय से मतदान सामग्री प्राप्त कर ली है।
उनका कहना है कि बुधवार के लिए एक संचालक पद के चुनाव के लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। 11 संचालक शुक्रवार को संघ के नए अध्यक्ष का चुनाव करेंगे।