नगर निकाय चुनाव के दौरान जिलेभर में नौ मतदान केंद्र अति संवेदनशील प्लस के रूप में चिह्नित किए गए हैं। इन मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के ज्यादा पुख्ता इंतजाम होने के साथ-साथ यहां होने वाली हर गतिविधि पर जिले के आला अधिकारियों से लेकर चुनाव आयोग तक नजर रखेगा। डीएम अमित कुमार सिंह और एसपी घुले सुशील ने शुक्रवार को ऐसे ही दो मतदान केंद्रों का दौरा कर वहां सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
एसपी घुले सुशील के मुताबिक जिले में अति संवेदनशील प्लस वाले नौ केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए वेब कास्टिंग की जाएगी। इससे यहां होने वाली हर गतिविधि को चुनाव आयोग देख सकेगा। यहां होने वाले मतदान की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल के अलावा पीएसी भी मौजूद रहेगी। ऐसे प्रत्येक मतदान केंद्र पर एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी तैनात रहेगा। एसपी ने बताया कि हाथरस और सिकंदराराऊ में दो-दो केंद्र अति संवेदनशील प्लस की श्रेणी में रखे गए हैं।
एसपी ने बताया कि शुक्रवार को उन्होंने डीएम अमित कुमार सिंह के साथ शहर के दो ऐसे ही बूथ लाला के नगला इलाके में मौजूद महात्मा गांधी इंटर कॉलेज औरआगरा रोड पर दौलतराम बारहसैनी इंटर कॉलेज में बने मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। गौरतलब है कि शहर में लाला का नगला मिश्रित आबादी वाला इलाका है और अधिकारियों की पूरी कोशिश यहां शांतिपूर्ण चुनाव की है। वहीं शहर के दौलतराम बारहसैनी इंटर कॉलेज में बने मतदान केंद्र पर चिर प्रतिद्वंदी दो सियासी सूरमाओं और उनके परिजनाें के वोट हैं। यही कारण है कि पुलिस और प्रशासन के अधिकारी इस मतदान केंद्र को सुरक्षा की दृष्टि से अहम मानकर चल रहे हैं।