किसान सोबरन सिंह का फाइल फोटो।
- फोटो : SHAPHU
संवाद न्यूज एजेंसी, सहपऊ।
कोतवाली क्षेत्र के गांव बागपुर में आवारा सांड़ के हमले से एक बुजुर्ग किसान की मौत हो गई। किसान शुक्रवार की रात आई आंधी बारिश के बाद खेतों पर लगी बाड़ को ठीक करने गया था। इस सांड़ के हमले से पिछले वर्ष भी एक वृद्ध की मौत हो चुकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव बागपुर निवासी किसान सोवरन सिंह (70) पुत्र भगवान सिंह शुक्रवार की रात को क्षेत्र में आई आंधी एवं बरसात के बाद खेतों में लगी तारों की बाड़ को ठीक करने गया था। जब वह खेतों पर लगी तारों की बाड़ ठीक कर रहा था उसी समय खेतों में घूम रहे एक आवारा सांड़ ने उस पर हमला कर दिया।
सांड़ ने किसान को जमीन पर पटक दिया। किसान के चीखने चिल्लाने पर ग्रामीणों ने उसे सांड़ से बचाया। हालांकि, अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई। उसकी मौत पर पूरा गांव शोक में डूब गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने किसान का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
किसान की मौत पर ग्रामीणों में दु:ख एवं आक्रोश है। उनका कहना है कि उक्त सांड़ के हमले से उनके गांव वृद्ध इतिवारी खां की भी गत वर्ष जुलाई में मौत हो गई थी। उस समय भी उन्होंने प्रशासन एवं पशुपालन विभाग से इस सांड़ की शिकायत की थी। एक साल बीतने के बाद भी प्रशासन ने कोई कदम नहीं उठाया जिसके कारण सोवरन सिंह को अपनी जान गंवानी पड़ी।
किसान की मौत पर रोते बिलखते परिजन। - फोटो : SHAPHU