सासनी। गांव नगला सेवा में 85 वर्षीय विक्रम सिंह पर शनिवार की सुबह साइकिल से खेत पर जाते समय कुत्तों ने हमला कर दिया, जिससे वह साइकिल सहित गिर गए। कुत्तों ने उनके शरीर के कई हिस्सों से मांच नोच लिया। उनकी चीख सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने कुत्तों को भगाया।
परिजन घायल बुजुर्ग को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वहां उनका उपचार चल रहा है। विक्रम सिंह सुबह घर से खेत पर जाने के लिए साइकिल से निकले थे। रास्ते में कुत्तों का झुंड घूम रहा था। अचानक कुत्तों ने उन पर हमला बोल दिया।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत बढ़ गई है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले गांव सठिया में भी घर के बाहर खेल रहे तीन मासूम बच्चों पर भी गांव के कुत्तों ने हमला किया था। एसडीएम शिवप्रकाश यादव का कहना है कि आवारा कुत्तों को पकड़वाने के लिए वन विभाग के अधिकारियों से वार्ता की जाएगी। जल्द इस समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। संवाद